श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में शुक्रवार, 22 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, 76 वर्षीय विक्रमसिंघे को आपराधिक जांच विभाग (CID) मुख्यालय में उस समय हिरासत में लिया गया जब वे बयान दर्ज कराने पहुंचे थे।
विक्रमसिंघे पर आरोप है कि उन्होंने सितंबर 2023 में अपनी पत्नी प्रोफेसर मैत्री के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए इंग्लैंड यात्रा पर सरकारी फंड का इस्तेमाल किया। आरोपों के अनुसार, वे एक आधिकारिक दौरे के बाद अमेरिका से लौटते समय निजी काम के लिए सरकारी खर्च पर यूके गए थे।
इस मामले में CID पहले ही उनके स्टाफ से यात्रा खर्चों की जांच कर चुकी है। माना जा रहा है कि विक्रमसिंघे की गिरफ्तारी के बाद श्रीलंका में शीर्ष नेताओं और अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक धन के दुरुपयोग पर कार्रवाई और तेज़ हो सकती है।
रानिल विक्रमसिंघे जुलाई 2022 से सितंबर 2024 तक श्रीलंका के राष्ट्रपति रहे। इससे पहले वे छह बार प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं और उन्हें 2022 के आर्थिक संकट से देश को निकालने का श्रेय दिया जाता है।