नई दिल्ली, 14 अक्टूबर 2025: राइटर और गीतकार जावेद अख्तर ने अफगान तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी की भारत यात्रा के दौरान किए गए "स्वागत" की कड़ी आलोचना की है। मुत्तकी छह दिन की दौरे पर भारत आए हैं, जो 2021 में तालिबान सत्ता में आने के बाद से किसी तालिबान नेता की पहली भारत यात्रा है।
अख्तर ने सोमवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, "जब मैं देखता हूं कि दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी समूह तालिबान के प्रतिनिधि को उन लोगों द्वारा किस तरह सम्मान और स्वागत दिया गया है जो आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो मेरा सिर शर्म से झुक जाता है।"
उन्होंने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित दारुल उलूम देवबंद पर भी निशाना साधा, जिन्होंने मुत्तकी का "सम्मानपूर्वक स्वागत" किया। अख्तर ने कहा, "देवबंद को शर्म आनी चाहिए कि उसने अपने 'इस्लामी नायक' का इतना सम्मान किया, जो लड़कियों की शिक्षा पर प्रतिबंध लगाने में शामिल रहा। मेरे भारतीय भाइयों और बहनों, हमारे साथ क्या हो रहा है।"
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तालिबान प्रतिबंध समिति द्वारा यात्रा प्रतिबंध में छूट मिलने के बाद मुत्तकी भारत आए। 2001 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र द्वारा यात्रा प्रतिबंध और संपत्ति जब्ती सहित अन्य प्रतिबंधों में शामिल किया गया था।
भारत ने तालिबान को अभी तक मान्यता नहीं दी है और काबुल में समावेशी सरकार बनाने की वकालत कर रहा है। दिल्ली में मुत्तकी के मीडिया संवाद में महिला पत्रकारों की अनुपस्थिति ने भी विवाद बढ़ाया। बाद में मुत्तकी ने दूसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई महिला पत्रकारों को आमंत्रित किया और कहा कि उनका बाहर करने का कोई इरादा नहीं था।