मध्य प्रदेश के IAS अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा पर हरदा जिले में सड़क निर्माण कंपनी को कथित रूप से करोड़ों का फायदा पहुँचाने और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुँचाने का आरोप लगा है। यह खुलासा RTI के तहत प्राप्त दस्तावेजों से हुआ। साल 2023 में तत्कालीन अपर कलेक्टर प्रवीण फूलपगारे ने कंपनी पाथ इंडिया पर बिना अनुमति 3.11 लाख घन मीटर मिट्टी खदाई का आरोप लगाते हुए 51.67 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया था। लेकिन डॉ. गौड़ा ने सुनवाई के बाद केवल 2,688 घन मीटर अवैध खुदाई मानते हुए 4,032 रुपए का जुर्माना लगाया। RTI कार्यकर्ता आनंद जाट का कहना है कि जुर्माने में इतनी भारी कमी “संदेहास्पद” है और इससे राज्य को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ। डॉ. गौड़ा ने सभी आरोप खारिज करते हुए कहा कि आदेश कानूनी और दस्तावेज़ों के आधार पर दिया गया। डॉ. गौड़ा IAS 2019 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने UPSC 2018 में रैंक 418 हासिल की थी। उनकी पत्नी सृष्टि जयंत देशमुख ने AIR 5 हासिल की थी। शादी के बाद उन्होंने मणिपुर से मध्य प्रदेश ट्रांसफर की अनुमति CAT से ली थी। मामला अब प्रशासनिक और कानूनी जांच का विषय बना हुआ है।