दिल्ली, 11 अक्टूबर 2025 – वेस्टइंडीज़ के खिलाफ दिल्ली में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर का दसवां शतक पूरा कर इतिहास रच दिया। इस पारी के साथ गिल ने कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
गिल अब बतौर कप्तान 12 पारियों में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले भारत के तीसरे कप्तान बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 12 पारियों में केवल पांच बार 50+ स्कोर किया था। गिल ने यह कारनामा छठी बार पूरा किया। इस रिकॉर्ड में पहले एम.एस. धोनी आठ बार और सुनील गावस्कर सात बार 50+ स्कोर बना चुके हैं।
177 गेंदों में शतक पूरा करने के साथ ही गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। WTC इतिहास में भारत के लिए उनके दस शतक सबसे अधिक हैं, जबकि रोहित शर्मा के नौ, यशस्वी जयसवाल के सात, ऋषभ पंत और केएल राहुल के छह-छह शतक हैं।
इस साल बतौर कप्तान गिल पांच टेस्ट शतक लगाने में सफल रहे, जिससे उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उन्होंने बतौर कप्तान सबसे तेज़ पांच टेस्ट शतक बनाने वाले भारतीय कप्तानों में दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि को उन्होंने केवल 12 पारियों में पूरा किया, जबकि सुनील गावस्कर ने दस पारियों में पांच शतक लगाए थे। इस मामले में डॉन ब्रैडमैन 13 पारियों में पांच शतक बनाने के साथ पीछे रह गए।
पहली पारी में भारत ने 518 रन बनाकर पारी घोषित की। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने 175 और शुभमन गिल ने 129 रन की नाबाद पारी खेली। गिल का यह प्रदर्शन न केवल भारत के लिए बल्कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भी यादगार माना जा रहा है, जहां एक युवा कप्तान ने अपने खेल और नेतृत्व दोनों से नई ऊंचाइयां छू ली हैं।