अमेरिका में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शिकागो से जर्मनी जा रही लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट LH-431 में एक 28 वर्षीय भारतीय नागरिक प्रणीत कुमार ने अचानक हिंसक व्यवहार करते हुए दो यात्रियों पर धातु के कांटे (मेटल फोर्क) से हमला कर दिया और एक महिला यात्री को थप्पड़ मार दिया। यह घटना 25 अक्टूबर को हुई, जिसके बाद विमान को इमरजेंसी में बोस्टन एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। अमेरिकी अटॉर्नी ऑफिस के अनुसार, प्रणीत कुमार ने पहले 17 वर्षीय एक किशोर और दूसरे यात्री के सिर पर वार किया, जिससे दोनों घायल हो गए। जब क्रू मेंबर्स ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने हाथ से बंदूक का इशारा बनाकर गोली चलाने का नाटक किया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। इसके बाद उसने पास बैठी एक महिला को थप्पड़ मार दिया। फ्लाइट अटेंडेंट्स ने तुरंत उसे काबू में कर उसकी सीट से बांध दिया, जिसके बाद विमान को बोस्टन की ओर मोड़ दिया गया। लैंडिंग के तुरंत बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी पर उड़ान के दौरान हिंसा और सुरक्षा खतरे से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दोषी पाए जाने पर उसे 20 साल तक की सजा हो सकती है।